Sunday, June 16th, 2024

मोदीजी आपको ठीक से समझ नहीं पाए, सोरेन को फर्जी केसों में जेल भिजवाया : प्रियंका

गोड्डा.

कांग्रेस पार्टी की महासचिव  प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को झारखंड के गोड्डा में INDIA गठबंधन के उम्मीदवार के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झूठे मामलों में फंसाते हुए जेल में डलवाने का आरोप लगाया। वहीं हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन को छोटी बहन और आदिवासी समाज की शक्ति बताते हुए प्रियंका ने कहा कि वे अपने पति और समाज की लड़ाई को बिना डरे आगे बढ़ा रही हैं।

प्रियंका ने कहा कि भाजपा संविधान बदलने पर तुली हुई है, पिछले 10 वर्षों में इसने संसद और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को कमजोर किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि देश के 70 करोड़ युवा बेरोजगार हैं क्योंकि भाजपा ने देश की संपत्ति पूंजीपतियों को सौंप दी।

'मोदीजी आपको ठीक से समझ नहीं पाए'
सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा, 'आपने देखा होगा कि आज क्या हो रहा है देश में, आपके मुख्यमंत्री जी चुनाव से पहले ही जेल में डाल दिए जाते हैं, फर्जी बयानों पर, फर्जी मुकदमों पर उन पर ऐसा केस डाला है जो सच हो ही नहीं सकता। फिर भी भाजपा की सरकार ने उनको जेल में डाल दिया और पूरा चुनाव आपको उनके बिना लड़ना पड़ रहा है। लेकिन एक बात है, वो शायद ठीक से आपके समाज को समझ नहीं पाए हैं। मोदी जी ने सोचा होगा कि हेमंत सोरेन जी को जेल में डाल देंगे तो यहां चुनाव आसानी से जीत जाएंगे। यही सोचा होगा, लेकिन आपका समाज, आदिवासी शक्ति इतनी मजबूत है, आपमें इतना गर्व है, आपमें इतनी शक्ति है कि आज देखिए कल्पना जी हेमंत जी की लड़ाई लड़ रही हैं।'

कल्पना सोरेन को बताया शेरनी
कल्पना सोरेन की तारीफ करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'शेरनी की तरह सब मुसीबतों का सामना करते हुए वो उभर गई हैं, और आगे आई हैं। आपके बीच हर जगह जाकर हेमंत जी की बात पहुंचा रही हैं, और हमारे जो पूरे इंडिया गठबंधन के जो प्रोग्राम्स हैं उनके बारे में बता रही हैं। मैं उनको अपनी छोटी बहन मानती हूं और नारी शक्ति की प्रतीक मानती हूं।'

'कल्पना बनीं आदिवासी समाज की शक्ति'
प्रियंका ने आगे कहा, 'जब-जब मैं उनको देखती हूं तो मुझे बहुत खुशी होती है, मुझे बहुत गर्व महसूस होता है। सोचिए आज तक उन्होंने राजनीति नहीं की थी, आजतक वो घर संभाल रही थीं। आज तक घर पर बच्चों की देखभाल कर रही थीं। अचानक उनके पति को जेल में डाल दिया जाता है, इसके बाद भी वो घबराती नहीं हैं, हिम्मत नहीं हारती, घर पर बैठकर रोती नहीं हैं। इसके बजाय उठकर अपने पति की लड़ाई, अपने समाज की लड़ाई आगे बढ़ाती हैं और हिम्मत से लड़ती हैं। तो आप सबको बहुत गर्व होना चाहिए कि आपके आदिवासी समाज की शक्ति उनमें दिख रही है।' केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए प्रियंका ने कहा, 'भाजपा सरकार उद्योगपतियों को हवाईअड्डे और बंदरगाह बेचकर अरबपतियों की मदद के लिए नीतियां बना रही है।' इस सभा में प्रियंका ने करीब 42 मिनट तक लोगों को संबोधित किया और INDIA गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में वोट देकर उन्हें विजयी बनाने का अनुरोध किया।

Source : Agency

आपकी राय

11 + 4 =

पाठको की राय