Saturday, July 27th, 2024

बीजेपी नेता बावनकुले ने साधा निशाना, कहा- आतंकी कसाब के परिवार की रक्षा करने कांग्रेसियों को पाकिस्तान भेज देंगे

महाराष्ट्र
लोकसभा चुनाव 2024 में तेज होती चुनावी सरगर्मियों के बीच महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने कांग्रेस नेताओं को पाकिस्तानी आतंकवादी कसाब के प्रति सहानुभूति रखने वाला बताया। उन्होंने बुधवार को कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुंबई के लोग 20 मई को लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद उन्हें आतंकवादी अजमल कसाब के परिवार की रक्षा के लिए पाकिस्तान भेज देंगे। बता दें कि मुंबई में 26 नवंबर को हुए आंतकवादी हमलों के दोषी कसाब को फांसी दी गई थी। बावनकुले ने यह बयान घाटकोपर में होर्डिंग हादसे के बाद मौके पर पहुंचने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की आलोचना करने वाले कांग्रेस विजय वडेट्टीवार के जवाब में कही। वडेट्टीवार ने कहा था शिंदे के तत्काल घटना स्थल पर जाने के कारण बचाव कार्य में देरी हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बावनकुले ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वडेट्टीवार ने अजमल कसाब का पक्ष लिया है, इसलिए उन्हें मुंबई में प्रचार करने का कोई अधिकार नहीं है। चुनाव के बाद मुंबई के लोग कसाब के परिवार की सुरक्षा के लिए कांग्रेस नेताओं को पाकिस्तान भेज देंगे।’’

वडेट्टीवार ने कहा था- कसाब नहीं पुलिसकर्मी की गोली से मारे गए करकरे
महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता वडेट्टीवार ने दावा किया था कि मुंबई आतंकवादी हमले में अभियोजन पक्ष के वकील और मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार उज्ज्वल निकम ने यह जानकारी छिपाई थी कि करकरे को कसाब ने नहीं मारा था, बल्कि आरएसएस से संबद्ध एक पुलिसकर्मी की गोली लगने से उनकी जान गई थी।

मुंबई की सभी 6 सीटों पर जीतेंगे
बावनकुले ने प्रदेश में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के मुंबई की सभी छह लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने का भरोसा जताया। इन छह सीटों में से भाजपा तीन सीटों पर और उसकी सहयोगी शिवसेना बाकी तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम मुंबई में इस चुनाव में 51 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को रोड शो के लिए मुंबई आ रहे हैं और हम सभी उत्साहित हैं।’’

मुंबई उत्तर मध्य संसदीय सीट से कांग्रेस उम्मीदवार वर्षा गायकवाड़ द्वारा घाटकोपर में एक होर्डिंग दुर्घटना में 14 लोगों की मौत की पृष्ठभूमि में उस इलाके में रोड शो पर आपत्ति जताए जाने के बारे में पूछने पर बावनकुले ने कहा कि इस कार्यक्रम की योजना काफी पहले बनाई गई थी। उन्होंने कहा, ‘‘हादसे को लेकर हम सभी संवेदनशील हैं। मोदी की यात्रा की योजना काफी पहले बनाई गई थी और वह लोगों का समर्थन और वोट मांगने के लिए यहां आ रहे हैं।’’ गौरतलब है कि मुंबई की छह लोकसभा सीट समेत महाराष्ट्र की 13 सीट के लिए 20 मई को पांचवें चरण में मतदान होगा और राज्य में मतदान का यह आखिरी चरण होगा।

 

Source : Agency

आपकी राय

2 + 7 =

पाठको की राय